हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जिले के जवाली क्षेत्र में 12वीं कक्षा के एक छात्र की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत देहर खड्ड में हुआ। मृतक की पहचान 17 वर्षीय वंश पुत्र सुमेर नाथ निवासी कर्डियाल के रूप में हुई है। वंश 12वीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह अपने दो दोस्तों के साथ घर से गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर भरवाने के लिए निकला था। हालांकि एजेंसी पहुंचने पर सिलेंडर नहीं भरा गया, जिसके बाद तीनों दोस्त देहर खड्ड में नहाने के लिए चले गए।

नहाने के दौरान अचानक वंश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अपने दोस्त को डूबता देख दोनों साथियों ने शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद वंश को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत सिविल अस्पताल जवाली ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के दोस्तों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, वंश की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!