विदेश में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रतिष्ठित कंपनी किंगस्टन होल्डिंग में फैक्ट्री सहायक और जनरल हेल्पर के पदों पर भर्ती की जा रही है। जिला रोजगार अधिकारी मंडी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवारों से 12 जून 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सामान्य अंग्रेजी का ज्ञान होना चाहिए। भर्ती प्रक्रिया में केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, चाहे वे फ्रेशर हों या अनुभवी। आवेदकों की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उनके पास वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है।

चयनित उम्मीदवारों को लगभग 1375 दिरहम प्रतिमाह आय प्राप्त होगी। इसमें 1075 दिरहम मासिक वेतन के अलावा प्रतिदिन 3 घंटे के ओवरटाइम से लगभग 300 दिरहम अतिरिक्त आय शामिल है। भारतीय मुद्रा के अनुसार यह राशि करीब ₹35,681 प्रतिमाह बैठती है। इसके अलावा कंपनी की ओर से आवास, मेडिकल बीमा, प्रत्येक दो वर्ष में एक बार हवाई टिकट तथा दुबई श्रम कानून के अनुसार ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा अनुमोदित निर्धारित शुल्क ₹35,400 तथा जीएसटी और मेडिकल शुल्क का भुगतान करना होगा। इस राशि में ₹30,000 सर्विस चार्ज, ₹5,400 जीएसटी और ₹1,500 मेडिकल शुल्क शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार 12 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया में केवल वही उम्मीदवार भाग ले सकेंगे जिनके पास वैध पासपोर्ट होगा। साथ ही आवेदन करने वाले उम्मीदवार विदेश यात्रा करने और चयन होने की स्थिति में एक महीने के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के इच्छुक होने चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क कर सकते हैं।
Apply Online Here: https://forms.gle/kEN8BYQJBHfSxuqE7
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!