हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली कॉलेज परीक्षा केंद्र में परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती अपने सगे भाई की जगह परीक्षा देने पहुंच गई, लेकिन उसकी यह कोशिश ज्यादा देर तक सफल नहीं हो सकी। परीक्षा शुरू होने के महज 10 मिनट के भीतर ही इनविजिलेटर की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना गवर्नमेंट कॉलेज संजौली स्थित इग्नू स्टडी सेंटर 1101 की है, जहां बीएजी कोर्स की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान कमरा नंबर-9 में ड्यूटी पर तैनात इनविजिलेटर प्रवीण कुमार को एक परीक्षार्थी पर संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि परीक्षा देने बैठी युवती का नाम अंबिका है, जो जिला सिरमौर के रोहनाट क्षेत्र की रहने वाली है। वह अपने भाई रणजीत की जगह परीक्षा दे रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा केंद्र के अधीक्षक डॉ. मदन शांडिल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस थाना सदर शिमला की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस कथित फर्जीवाड़े में भाई-बहन के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। घटना के सामने आने के बाद परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और पहचान सत्यापन व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!