Una: अम्ब में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख की संदिग्ध प्रतिबंधित लकड़ी से लदे दो ट्रक पकड़े

अम्ब: ऊना जिले के अम्ब क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित वन प्रजातियों की लकड़ी से लदे दो ट्रकों को पकड़ लिया है। प्रारंभिक जांच में वाहनों में करीब 10 लाख रुपये मूल्य की संदिग्ध लकड़ी होने की बात सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने दो वाहन चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वन विभाग की शिकायत के अनुसार नैहरी बीट के प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि नादौन की ओर से दो ट्रक प्रतिबंधित वन प्रजाति की लकड़ी लेकर अम्ब की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही वन खंड अधिकारी ज्वार विजय कुमार, डिप्टी रेंजर मनीष कुमार, ज्वार बीट प्रभारी वनरक्षक अजय कुमार और नैहरी बीट प्रभारी वनरक्षक विरेन्द्र कुमार की टीम सक्रिय हो गई और अम्ब-नादौन मार्ग पर निगरानी शुरू कर दी।

बुधवार देर शाम वन विभाग की टीम ने अम्ब चौक पर नाका लगाकर तिरपाल से ढके दोनों ट्रकों को रोका। जांच के दौरान वाहनों में शीशम, कैम्बल तथा अन्य चौड़ी पत्ती वाली प्रजातियों की लकड़ी के मौछे और गुटके लदे हुए पाए गए। अधिकारियों ने जब लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो चालक कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर वन परिक्षेत्र कार्यालय अम्ब परिसर में खड़ा कर दिया गया।

वनरक्षक विरेन्द्र कुमार की शिकायत के आधार पर थाना अम्ब में मामला दर्ज किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मुख्य आरक्षी रंजीव कुमार को मौके पर भेजा। प्रारंभिक जांच में वाहनों में अवैध रूप से प्रतिबंधित लकड़ी लदी होने की पुष्टि हुई।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 और 42 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस कथित अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

वन रेंज अधिकारी अम्ब राहुल ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार ट्रकों में करीब 10 लाख रुपये की लकड़ी लदी हुई है। हालांकि वाहनों को पूरी तरह अनलोड करने के बाद ही लकड़ी की वास्तविक प्रजाति और कुल कीमत का सटीक आकलन किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ट्रकों में शीशम, कैम्बल और अन्य चौड़ी पत्ती वाली वन प्रजातियों की लकड़ी दिखाई दे रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!