Mandi: मंडी में बड़ा हादसा! यात्रियों से भरी बस अचानक नाले में गिरी, 15 लोग घायल, इलाके में मची अफरा-तफरी

मंडी जिले में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रिवालसर-दुर्गापुर सड़क मार्ग के साथ लगते सेरला खाबू जंगल में यात्रियों से भरी एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 15 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार यह निजी बस अपने निर्धारित रूट सरकाघाट से सुंदरनगर जा रही थी। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे सेरला खाबू गांव के समीप जंगल क्षेत्र में बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे नाले में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 20 यात्री सवार थे।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल रिवालसर पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घायल यात्रियों में सरिता देवी (37) और उनका बेटा अनमोल (11) निवासी जमणी, अमकु देवी (74) निवासी खाहन, कृष्णा देवी (24) निवासी खाहन, अनीता देवी (42) निवासी गंभर खड्ड, चंद्रमणि (51) निवासी भद्रवाड़, समा देवी (40) निवासी गंभर खड्ड, अमर सिंह (46) निवासी दूसरा खाबू, हिमालयन (16) निवासी सेरला खाबू, सूजल शर्मा (18) निवासी सेरला खाबू, खाम (40), कमल राणा निवासी नेपाल, मिलन थापा (41) निवासी नेपाल, राकेश चंद्र (51) निवासी बल्द्वाड़ा, नेहा शर्मा (23) निवासी सरकाघाट और मनोज कुमारी (38) निवासी दून शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!