मोबाइल से बनाई दूरी, हासिल किए 699 अंक! कांगड़ा की अनमोल बनी हिमाचल बोर्ड 10वीं की टॉपर

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में कांगड़ा जिले की बेटी अनमोल ने पूरे प्रदेश में टॉप कर इतिहास रच दिया है। गांव मनियाड़ा की रहने वाली अनमोल ने 700 में से 699 अंक हासिल करते हुए 99.86 प्रतिशत के साथ पूरे हिमाचल प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

अनमोल, रोहित कुमार की बेटी हैं और उन्होंने अपनी मेहनत और अनुशासन से यह बड़ी सफलता हासिल की है। रिजल्ट घोषित होते ही घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। गांव के लोग भी अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

अपनी सफलता का राज बताते हुए अनमोल ने कहा कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी। उनका कहना है कि उन्होंने अपना पूरा ध्यान सिर्फ पढ़ाई पर केंद्रित रखा। अनमोल के मुताबिक, वह रोजाना पांच घंटे से अधिक समय तक नियमित और एकाग्र होकर पढ़ाई करती थीं। उन्होंने कहा कि अनुशासन और निरंतर मेहनत ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह रही।

अनमोल ने यह भी बताया कि वह भविष्य में शिक्षिका बनना चाहती हैं। उनका सपना है कि वह शिक्षा के क्षेत्र में काम करें और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर बनाने में अपना योगदान दें।

प्रदेश के अन्य छात्रों के लिए संदेश देते हुए अनमोल ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों की हर बात को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक किसी गलती को सुधारते हैं या टोकते हैं, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। शिक्षकों का मार्गदर्शन ही सफलता की असली कुंजी है।

अनमोल की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!