Kangra Lightning Strike: आसमानी बिजली का कहर, पेड़ में लगी आग—दो गौवंश की मौके पर मौत

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जसवां-प्रागपुर क्षेत्र में रविवार सुबह कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिला, जब तेज तूफान और बारिश के बीच आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। ग्राम पंचायत नलसुहा के वार्ड नंबर-4 में हुई इस घटना में दो बेसहारा गौवंश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली पास की पहाड़ी देवता के पुराने पीपल के पेड़ पर गिर गई। बिजली इतनी तेज थी कि पेड़ के नीचे खड़े दो गौवंश उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बिजली गिरने के बाद पीपल का विशाल पेड़ भी आग की लपटों में घिर गया। पेड़ का बीच का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया और वहां से धुआं उठता रहा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग इसे कुदरत का कहर मान रहे हैं। बेसहारा गौवंश की मौत से ग्रामीणों में दुख और चिंता देखी जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!