हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल्लू पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स को एक और बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मंडी जिले के बगला फोरलेन के पास एक एचआरटीसी बस से पंजाब के एक तस्कर को 23 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ कुल्लू को नशे की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर टीम ने बगला के पास नाकाबंदी की। इस दौरान कुल्लू की ओर से आ रही एचआरटीसी बस (HP 42-3331) को जांच के लिए रोका गया। चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने सीट नंबर 19 पर बैठे एक यात्री की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान रवि कुमार (40), पुत्र ज्ञान चंद, निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस थाना बल्ह (मंडी) में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पिछले 10 दिनों में ही एसटीएफ ने 9 मामले दर्ज कर 13 तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नशा तस्करों में खौफ का माहौल बना हुआ है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!