Hamirpur: चिप्स के पैकेट में निकले जिंदा कीड़े, 2 साल के बच्चे के लिए लाया गया था—समय रहते खुला बड़ा खतरा

हिमाचल प्रदेश के नादौन क्षेत्र से खाद्य सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुकान से खरीदे गए चिप्स के पैकेट को जब घर पर खोला गया, तो अंदर का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। पैकेट के अंदर चिप्स के साथ जिंदा कीड़े रेंगते हुए पाए गए, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

परिजनों के अनुसार, यह 5 रुपये का चिप्स का पैकेट घर के 2 वर्षीय बच्चे के लिए खरीदा गया था। जैसे ही घर पर पैकेट खोला गया, उसमें कुछ हिलता हुआ नजर आया। ध्यान से देखने पर अंदर कई कीड़े दिखे, जिनमें एक बड़ा काला कीड़ा भी शामिल था। परिजनों ने राहत जताई कि बच्चे के खाने से पहले ही यह बात सामने आ गई, वरना उसकी तबीयत बिगड़ सकती थी।

पीड़ित सोनी कुमार ने बताया कि पैकेट पर निर्माण तिथि 19 मार्च 2026 और अंतिम तिथि 17 जुलाई 2026 दर्ज थी, यानी उत्पाद अभी एक्सपायरी डेट के भीतर था। वहीं, दुकानदार का कहना है कि यह स्टॉक उसे कंपनी की ओर से मात्र दो दिन पहले ही मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुकानदार ने भी कंपनी के अधिकारियों को इसकी शिकायत कर दी है।

इस घटना के बाद परिजनों ने अन्य लोगों से अपील की है कि बच्चों को इस तरह के पैक्ड फूड देते समय सावधानी बरतें। साथ ही उन्होंने कंपनी प्रबंधन से इस लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने कहा है कि संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!