Kangra: ड्यूटी पर ही थम गई सांसें… हिमाचल का वीर सपूत अनुपम मेहता नहीं रहे, गांव में गूंजे नारे

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की पंचायत नौरा (मतेहड़) के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय सेना की 19 पंजाब रेजिमेंट में तैनात लेफ्टिनेंट अनुपम मेहता का अंडमान-निकोबार में ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से निधन हो गया। खास बात यह है कि वे इसी साल अक्टूबर में सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात ड्यूटी के दौरान लेफ्टिनेंट अनुपम मेहता के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ले ली।

रविवार सुबह जब उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मतेहड़ पहुंचा, तो पूरा इलाका गमगीन हो गया। ‘भारत माता की जय’ और ‘अनुपम मेहता अमर रहे’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। लोगों ने अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

ब्लोटी स्थित श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ किया गया। 19 पंजाब रेजिमेंट के मेजर सोनू और नायब सूबेदार योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में 40 सैनिकों की टुकड़ी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और हवा में गोलियां दागकर सलामी दी। लेफ्टिनेंट अनुपम मेहता को उनके बेटे हनी ने मुखाग्नि दी।

वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां, एक बेटा, माता-पिता और दो भाइयों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस मौके पर सुलह के विधायक ने भी पहुंचकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!