Kangra: IPL 2026 से पहले धर्मशाला में पंजाब किंग्स का दमदार आगाज, मैदान में उतरे खिलाड़ी, शुरू हुआ प्रैक्टिस कैंप

आईपीएल सीजन 2026 की शुरुआत से पहले पंजाब किंग्स की टीम ने अपने दूसरे होम ग्राउंड एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में अभ्यास शुरू कर दिया है। वीरवार से शुरू हुए इस प्रैक्टिस कैंप में टीम ने अपनी तैयारियों को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। दोपहर करीब 12 बजे खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर अभ्यास सत्र की शुरुआत की।

प्रैक्टिस कैंप के पहले दिन पंजाब किंग्स के कुल 8 खिलाड़ी मैदान में नजर आए। इनमें प्रभसिमरन सिंह, प्रवीण दूबे, हरप्रीत बराड़, हरनूर, विष्णु विनोद, विशाल निषाद सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। खिलाड़ियों ने धर्मशाला के मैदान और यहां की परिस्थितियों को समझते हुए आने वाले आईपीएल मुकाबलों के लिए खुद को तैयार करना शुरू कर दिया है।

अभ्यास सत्र के दौरान खिलाड़ियों ने सबसे पहले मैदान पर उतरकर वार्मअप किया। इसके बाद बॉलिंग और बैटिंग का अभ्यास किया गया, जिसमें हर पहलू पर बारीकी से ध्यान दिया गया। कोचिंग स्टाफ की निगरानी में खिलाड़ी अपनी तकनीक और फिटनेस दोनों पर काम करते दिखाई दिए।

गौरतलब है कि पंजाब किंग्स की टीम अगले छह दिनों तक धर्मशाला में लगातार अभ्यास करेगी। इस पूरे प्रैक्टिस शेड्यूल के दौरान हर दिन टीम के स्वदेशी खिलाड़ी कैंप से जुड़ते रहेंगे और अभ्यास सत्र में भाग लेंगे, जिससे टीम आईपीएल 2026 के लिए पूरी तरह तैयार हो सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!