छोटी काशी मंडी में सोमवार को होली का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया, लेकिन जश्न के बीच एक दर्दनाक घटना ने माहौल बदल दिया। शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच परिसर में कार्यक्रम के दौरान कुछ शरारती तत्वों की हरकत से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
सेरी मंच पर हजारों लोग डीजे की धुनों पर नाचते हुए होली का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी ने रंग स्प्रे करने वाला एक छोटा सिलेंडर हवा में फेंक दिया। कुछ ही पलों में वह सिलेंडर पास खड़ी एक युवती के सिर पर जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती के सिर पर गहरी चोट लग गई और उसके सिर से खून बहने लगा।
भीड़ के बीच घायल युवती को संभालना मुश्किल हो गया, लेकिन मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
होली जैसे उत्सव के दौरान हुई इस घटना ने आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल युवती का इलाज जारी है और लोग उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!