पंचकूला में ‘रसूख’ का हंगामा! IG परिवार पर महिला और बच्चों से मारपीट व तोड़फोड़ के गंभीर आरोप, FIR दर्ज

हरियाणा के पंचकूला स्थित अमरावती एन्क्लेव में एक कथित दबंगई का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हलचल मचा दी है। हिमाचल प्रदेश पुलिस के आईजी विमल गुप्ता की पत्नी और उनके नाबालिग बेटे पर एक महिला और उसके बच्चों के साथ मारपीट, बदसलूकी और गाड़ी में तोड़फोड़ करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पिंजौर पुलिस ने इस मामले में आईजी की पत्नी समेत करीब 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता अनुपम धनवान, जो एक स्थानीय ट्रांसपोर्ट कारोबारी की पत्नी हैं, के अनुसार यह घटना 28 फरवरी की शाम की है। उनका कहना है कि जब वह अपने परिवार के साथ घर लौट रही थीं, तभी आईजी के नाबालिग बेटे ने बिना नंबर प्लेट और लाल-नीली बत्ती लगी अपनी स्कॉर्पियो उनकी थार गाड़ी के आगे अड़ा दी। आरोप है कि युवक शराब के नशे में था और उसने बेसबॉल बैट से उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। उस समय बच्चे गाड़ी के अंदर मौजूद थे और इस घटना से बुरी तरह डर गए।

महिला ने आरोप लगाया है कि शीशा तोड़ने के बाद युवक ने उनके एक बच्चे की गर्दन पकड़ ली और रसूख का हवाला देते हुए धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान आईजी की पत्नी ने भी कथित तौर पर गाली-गलौज की। महिला का दावा है कि जब उन्होंने आईजी विमल गुप्ता को फोन कर मदद की गुहार लगाई, तो उन्हें सहयोग के बजाय चुनौतीपूर्ण जवाब मिला।

शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले छह महीनों से आरोपी युवक उनके बच्चों को स्कूल और घर के आसपास कथित रूप से परेशान कर रहा था। अप्रैल 2025 में भी शिकायत दी गई थी, लेकिन दबाव के कारण समझौता करना पड़ा था। इस बार पिंजौर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(3), 190, 115(2), 126(2), 324(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज है और लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। अब यह देखना अहम होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और कानून किस तरह आगे बढ़ता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!