Solan: सोलन में नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई, कार से 5.70 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

सोलन जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी मुहिम और तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी जाबली की टीम को एक अहम सफलता मिली है। टीटीआर परवाणू के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 5.70 ग्राम चिट्टा, जिसे हैरोइन भी कहा जाता है, बरामद किया है। इस मामले में कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक जाबली पुलिस चौकी की टीम टीटीआर परवाणू पर रूटीन चेकिंग और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक कार को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने कार और उसमें सवार युवकों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 5.70 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत चिट्टा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त कर लिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए दोनों युवकों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इनका संबंध किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से तो नहीं है।

पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी किसी अपराध में शामिल रहे हैं या नहीं। सोलन पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!