Himachal: ट्रैफिक संभालने में निभाई अहम भूमिका, बद्दी पुलिस ने 18 ट्रैफिक वॉलंटियर्स को किया सम्मानित

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम योगदान देने वाले 18 ट्रैफिक वॉलंटियर्स को बद्दी पुलिस ने सम्मानित किया है। इन वॉलंटियर्स ने ट्रैफिक पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हुए व्यस्त समय के दौरान जाम की स्थिति को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार, कुल 18 वॉलंटियर्स में से 4 को टीटीआर बरोटीवाला और 14 को टीटीआर बद्दी में तैनात किया गया था। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां ट्रैफिक का दबाव लगातार बना रहता है। ऐसे में इन वॉलंटियर्स ने पुलिस बल की सहायता करते हुए यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ योगदान दिया।

दिनांक 27-02-2026 को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बद्दी, श्री विनोद धीमान ने सभी वॉलंटियर्स की सराहना की और उनका मनोबल बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने सभी 18 वॉलंटियर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसपी ने कहा कि समाज की भागीदारी से ही ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकता है और ऐसे प्रयास सराहनीय हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!