हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज है। इसी कड़ी में पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी करते हुए दो युवकों को करीब एक किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, घुमारवीं पुलिस ने बलोह टोल प्लाजा के समीप नाका लगाया हुआ था और बिलासपुर आने-जाने वाले वाहनों की रूटीन जांच कर रही थी। इसी दौरान मंडी की तरफ से आ रही एक कार को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोका। तलाशी के दौरान कार के अंदर से 949 ग्राम चरस बरामद हुई। कार में सवार दोनों युवकों को तुरंत हिरासत में लिया गया। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी हरियाणा के गोहाना क्षेत्र के निवासी हैं।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस कहां से लाई गई थी और इसका वितरण कहां किया जाना था। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि नशा माफिया के नेटवर्क को तोड़ा जा सके और प्रदेश में नशा तस्करी की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!