हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर सेवा विस्तार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी और भाजपा के दो बार के पूर्व प्रत्याशी रहे राजेश कश्यप की पत्नी गीतांजलि कश्यप को प्रदेश सरकार ने छह महीने का सेवा विस्तार दिया है। गीतांजलि कश्यप शिक्षा विभाग में साइकोलॉजी की लैक्चरार हैं और वर्तमान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) सोलन में तैनात हैं। वह इसी माह सेवानिवृत्त होने वाली थीं, लेकिन सरकार ने उन्हें 1 मार्च से 31 अगस्त 2026 तक सेवा विस्तार प्रदान कर दिया है। इस संबंध में आदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी कर दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी प्रदेश सरकार कई सेवानिवृत्त अधिकारियों को सेवा विस्तार दे चुकी है। हालांकि हर बार इस फैसले को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इस बार भी सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सरकार का विशेष निर्णय मान रहे हैं, तो कुछ इसे प्रदेश की आर्थिक स्थिति से जोड़कर देख रहे हैं।
आलोचकों का कहना है कि एक ओर प्रदेश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है और दूसरी ओर सेवानिवृत्त अधिकारियों को पुनः सेवा में रखा जा रहा है। कई लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में नई नियुक्तियों के बजाय रिटायर्ड अधिकारियों को सेवा विस्तार देना कितना उचित है। फिलहाल यह मामला राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!