Shimla: रोहड़ू में साइबर ठगों ने उड़ा दिए 3 लाख रुपए, पीड़ित को बैंक स्टेटमेंट देखकर लगी भनक

हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के बैंक खातों में सेंध लगाई और यूपीआई के माध्यम से तीन लाख से अधिक रुपए निकाल लिए। पीड़ित को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब उसने अपने बैंक स्टेटमेंट की जांच की।

पुलिस के अनुसार यह ‘डिजिटल डाका’ 24 जनवरी से 7 फरवरी तक चला। पीड़ित के एचडीएफसी बैंक रोहड़ू और स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक देवली-टिक्कर में खातों से ठगों ने बड़ी राशि निकालने के बजाय छोटे-छोटे लेनदेन किए, ताकि तुरंत शक न हो। जब पीड़ित ने खाते का विवरण देखा, तो कई अनजान ट्रांजेक्शन देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने रोहड़ू पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रोहड़ू पुलिस संदिग्ध खातों का रिकॉर्ड खंगाल रही है और साइबर सेल की मदद से डिजिटल पदचिह्नों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर भरोसा करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!