अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 2026 को लेकर कलाकारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। महोत्सव के तहत आयोजित नृत्य ऑडिशन में कुल 93 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मंडी जिला सहित हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कलाकारों ने लोक, पारंपरिक और आधुनिक नृत्य शैलियों में प्रस्तुति देकर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने की कोशिश की।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने बताया कि इन नृत्य ऑडिशन के माध्यम से चयनित कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 2026 की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और पहचान बनाने का एक बड़ा अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले वॉयस ऑफ शिवरात्रि 2026 के लिए आयोजित गायन ऑडिशन भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। इस वर्ष वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता के लिए कुल 278 कलाकारों ने ऑडिशन देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कलाकारों की भागीदारी से इस बार महोत्सव और भी भव्य और आकर्षक होने की उम्मीद जताई जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी हर वर्ष प्रदेश के कलाकारों के लिए एक बड़ा मंच साबित होता है, जहां उन्हें अपनी कला को प्रदर्शित करने और नई पहचान बनाने का अवसर मिलता है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!