Mandi: 500 साल की विरासत से रूबरू होने का सुनहरा मौका, शिवरात्रि महोत्सव में पहली बार मंडी में होगी खास हेरिटेज वॉक

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान मंडी नगर की ऐतिहासिक, सामाजिक और धार्मिक विरासत को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पहली बार विशेष हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन उस ऐतिहासिक समय में किया जा रहा है जब मंडी नगर अपनी स्थापना के 500 वर्ष पूरे करने की ओर बढ़ रहा है। इस हेरिटेज वॉक के माध्यम से लोगों को शहर की सदियों पुरानी सांस्कृतिक पहचान, प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।

अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हेरिटेज वॉक का आयोजन 15, 17, 18 और 20 फरवरी को किया जाएगा। प्रत्येक दिन यह वॉक दो सत्रों में आयोजित होगी, जिसमें पहला सत्र सुबह 10:30 बजे और दूसरा सत्र दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा। यह हेरिटेज वॉक सेरी मंच से आरंभ होकर राजमहल, माधो राय मंदिर, बाबा भूतनाथ मंदिर, पंचवक्त्र मंदिर, हनुमानघाट, खुहारानी मंदिर, अर्धनारीश्वर मंदिर, त्रिलोकीनाथ मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर, टारना देवी, बरसील्ले और गणपति मंदिर होते हुए घंटाघर और इंदिरा मार्केट स्थित सिद्धकाली मंदिर में समाप्त होगी।

प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन के दौरान छोटी गाड़ी की व्यवस्था भी की गई है। कुछ स्थानों का भ्रमण पैदल कराया जाएगा, जबकि कुछ स्थलों तक प्रतिभागियों को वाहन के माध्यम से ले जाया जाएगा, जिससे सभी लोग आराम से इस ऐतिहासिक यात्रा का अनुभव कर सकें।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मंडी नगर अपनी 500 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव पर खड़ा है और आज भी यह शहर अपनी समृद्ध विरासत, प्राचीन मंदिरों, विशिष्ट स्थापत्य कला और आध्यात्मिक परंपराओं को जीवंत रूप में संजोए हुए है। इस हेरिटेज वॉक का उद्देश्य लोगों को मंडी की इस अनमोल सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ना और उसके महत्व को समझाना है।

इस हेरिटेज वॉक में सीमित संख्या में ही प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा, जिसके लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क होगा। इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 9418123001 और 9805373758 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इस दौरान मंडी के इतिहास और मंदिरों पर कई पुस्तकें लिख चुके सत्य महेश प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे और उन्हें शहर की ऐतिहासिक जानकारी से अवगत करवाएंगे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!