Himachal: हिमाचल को मिलेगी बड़ी सौगात, हमीरपुर में बनेगा हाईटेक स्टेट कैंसर केयर सेंटर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हमीरपुर स्थित डॉ. राधाकृष्णन सरकारी मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक स्टेट कैंसर केयर सेंटर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रही है और इस केंद्र के बनने से प्रदेश में कैंसर इलाज के लिए एक सशक्त और व्यवस्थित प्रणाली विकसित होगी। उन्होंने चिंता जताई कि राज्य में कैंसर के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में समय पर जांच, रोकथाम, निगरानी, रिकॉर्डिंग और जल्द पहचान बेहद जरूरी हो गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कैंसर केयर सेंटर में मरीजों के इलाज के लिए 11 अत्याधुनिक स्पेशलिटी विभाग स्थापित किए जाएंगे। इनमें मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, पेन पैलिएटिव केयर, न्यूक्लियर मेडिसिन, एनेस्थिसियोलॉजी और क्रिटिकल केयर, ऑन्को पैथोलॉजी, पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी, रेडियोलॉजी इमेजिंग, गायनेकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजी, स्टेम सेल और बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन तथा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी शामिल हैं। ये सभी विभाग कैंसर मरीजों को विशेष और समर्पित सुविधाएं प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को उच्च स्तरीय कैंसर संस्थान से जोड़ना बेहद जरूरी है। इसी सोच के तहत राज्य सरकार ने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में स्टेट कैंसर सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया है, जिस पर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केंद्र पूरी तरह से कैंसर मरीजों के लिए समर्पित होगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि इस केंद्र में कुल 264 बिस्तरों की व्यवस्था होगी। इसमें आधुनिक नैदानिक प्रयोगशाला, ओपीडी, फार्मेसी, आपातकालीन वार्ड और रजिस्ट्रेशन सेवाएं भी शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य ढांचे को सुधारने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं और एम्स दिल्ली की तर्ज पर राज्य के अस्पतालों में पुरानी मशीनरी को विश्वस्तरीय उपकरणों से बदला जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों के बाद हिमाचल में कैंसर की दर सबसे अधिक है और ऐसे में एक उच्च स्तरीय कैंसर अस्पताल बनने से प्रदेश के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!