Kangra: नूरपुर में खनन माफिया पर बड़ा वार, पुलिस के रातभर चले अभियान में जेसीबी और टिप्पर जब्त

जिला नूरपुर में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला नूरपुर पुलिस द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत देर रात और आज सुबह जिले के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध खनन और अवैध परिवहन में संलिप्त कई वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

यह संयुक्त अभियान थाना प्रभारी नूरपुर, चौकी प्रभारी कंडवाल, चौकी प्रभारी गंगथ और उनकी विशेष टीमों द्वारा चलाया गया। पुलिस ने कंडवाल, खन्नी क्षेत्र के चक्की खड्ड और गंगथ इलाके में सघन दबिश देकर अवैध गतिविधियों पर नकेल कसी।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल छह वाहनों के चालान मुकाम बिल्ला का टाला में किए गए, जबकि एक-एक चालान मुकाम कंडवाल और मुकाम गंगथ में किया गया। पुलिस ने अवैध खनन और परिवहन में लिप्त पाए जाने पर दो जेसीबी मशीनों, चार टिप्परों और दो ट्रैक्टरों को मौके पर ही इम्पाउंड कर अपने कब्जे में ले लिया।

नूरपुर पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!