सोलन में बड़ा अभियान शुरू: 31 मार्च तक चलेगी चिट्टे के खिलाफ सबसे बड़ी लड़ाई, जिलेभर में जागरूकता का महाअभियान

प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन सोलन ने मादक पदार्थ चिट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए ‘चिट्टा मुक्त सोलन’ अभियान शुरू कर दिया है। यह विशेष अभियान 15 अक्टूबर 2025 से 31 मार्च 2025 तक चलेगा, जिसके दौरान जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रमों से लेकर नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों पर कार्रवाई तक कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस बारे में जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी।

उपायुक्त ने बताया कि अभियान के लिए सप्ताहवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है और इसके तहत सभी सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। जिले में लगातार जागरूकता रैलियां, वॉकाथॉन, साइक्लोथॉन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों और कॉलेजों में पोस्टर, नारा लेखन, निबंध और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में नशा निवारण समितियां गठित कर दी गई हैं और उनकी नियमित बैठकें हो रही हैं।

मनमोहन शर्मा ने आगे बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग प्रतिदिन नशा मुक्ति शिविर आयोजित कर रहा है, जहां लोगों को परामर्श सेवाएं और नशे से बचाव संबंधी जानकारी दी जा रही है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग स्वयंसेवकों को नशा विरोधी प्रशिक्षण दे रहा है और व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी हैं। उधर, पुलिस विभाग मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है। अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिले के सभी उपमंडलाधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं ताकि इसकी प्रभावशीलता पर लगातार नजर रखी जा सके। उपायुक्त ने कहा कि चिट्टा समाज और खासकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए ‘चिट्टा मुक्त सोलन’ केवल प्रशासनिक प्रयास नहीं, बल्कि एक सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अभिभावकों, युवाओं, शिक्षकों और नागरिकों से नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन इस अभियान को ठोस परिणामों तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आग्रह किया कि सभी लोग नशा मुक्त और सुरक्षित सोलन के निर्माण में अपना योगदान दें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य मिल सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!