Una: निजी बस में सफर कर रहे महिला-पुरुष से भारी मात्रा में चरस बरामद, मंडी के दोनों आरोपी गिरफ्तार

ऊना जिले में पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी बस में सवार महिला और पुरुष से चरस बरामद की है। दोनों आरोपी मंडी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि एसआईयू के निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में गठित टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर टीम ने कुरियाला मोड़ पर भोटा से ऊना की ओर आ रही एक निजी बस को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार चेत राम निवासी गांव बनवाड़ी, डाकघर थाची, तहसील बालीचौकी, जिला मंडी और तारा देवी निवासी गांव निशेणी, डाकघर गुराण, तहसील बालीचौकी, जिला मंडी के पास से कुल 1.175 किलोग्राम चरस बरामद की गई।

एसपी ऊना ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!