ऊना। ऊना जिले के औद्योगिक क्षेत्र मैहतपुर में उस समय बड़ा खुलासा हुआ जब ध्वनि प्रदूषण फैला रही एक बुलेट मोटरसाइकिल को रोकने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। बुलेट को पकड़ने के बाद जब पुलिस ने तलाशी ली तो बाइक सवारों के पास से चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों युवकों के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर लिया गया।
एसपी अमित यादव ने बताया कि मैहतपुर पुलिस थाना की टीम ने एसआई नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में नियमित चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान भटोली की ओर से आ रही एक बुलेट मोटरसाइकिल को रोका गया, जिसका चालक बाइक से पटाखे मारकर तेज आवाज कर रहा था और क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण फैला रहा था।
पूछताछ के दौरान बुलेट चालक ने अपना नाम अंश द्विवेदी निवासी गांव बास, तहसील नंगल, जिला रूपनगर (पंजाब) बताया, जबकि पीछे बैठे युवक ने अपनी पहचान मोहित कुमार निवासी जखेडा, तहसील व जिला ऊना के रूप में दी। पुलिस को शक होने पर जब बाइक और युवकों की तलाशी ली गई तो उनके पास से कुल 10.50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
एसपी अमित यादव ने बताया कि इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ तो नहीं है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!