हिमाचल कांग्रेस में बड़ा बदलाव: विनय कुमार बोले—‘राहुल गांधी के विचार हर घर तक पहुँचाएंगे’, संगठन में जल्द दिखेगा नया स्वरूप

हिमाचल कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और विधायक विनय कुमार इन दिनों दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से लगातार मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय आलाकमान को भरोसा दिलाया है कि वह प्रदेश संगठन को नई दिशा देंगे और राहुल गांधी के देश प्रेम, जनमत और संविधान संरक्षण के संदेश को हर व्यक्ति तक पहुँचाया जाएगा।

विनय कुमार दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल सहित कई दिग्गज नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। शुक्रवार को भी उन्होंने कई वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन लिया। उनका कहना है कि जल्द ही हिमाचल में कांग्रेस एक नए स्वरूप में सामने आएगी और सरकार व संगठन मिलकर आगे बढ़ेंगे।

उनके अनुसार, वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं के जोश के साथ कांग्रेस को प्रदेश में और मजबूत किया जाएगा।

सोशल मीडिया और IT विंग को मिलेगा बड़ा अपग्रेड

बैठकों में विनय कुमार ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है।

इसके लिए जल्द ही युवाओं और महिलाओं की एक विशेष टीम बनाई जाएगी, जिसे बूथ स्तर तक जिम्मेदारी दी जाएगी।

पीसीसी, जिला और ब्लॉक कमेटियों के गठन के बाद विभिन्न प्रकोष्ठ भी बनाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पार्टी के सोशल मीडिया और IT विंग को मजबूत किया जाएगा ताकि भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का प्रभावी जवाब दिया जा सके।

डिप्टी सीएम से दिल्ली में मुलाकात

शुक्रवार को विनय कुमार ने नई दिल्ली में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से भी भेंट की। दोनों नेताओं ने संगठन की रूपरेखा पर लंबी चर्चा की।

उपमुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि विनय कुमार का भविष्य उज्ज्वल है और उनके नेतृत्व में हिमाचल कांग्रेस नई ऊँचाइयाँ हासिल करेगी।

30 नवंबर को संभालेंगे पदभार

विनय कुमार 30 नवंबर को शिमला स्थित राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी राजनी पाटिल, सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य और कई वरिष्ठ नेता भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!