हिमाचल में बढ़ रहा गन कल्चर! ऊना हत्याकांड पर भाजपा का बड़ा हमला, कांग्रेस सरकार पर उठाए गंभीर सवाल

शिमला: भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। उनका कहना है कि प्रदेश में गन कल्चर और गैंगवार जैसी घटनाओं का बढ़ना हिमाचल की शांत और सुरक्षित पहचान को गहरी चोट पहुंचा रहा है। उन्होंने ऊना में युवा कांग्रेस नेता आशु पुरी की हत्या को इसका ताजा और सबसे चौंकाने वाला उदाहरण बताया।

कपूर ने कहा कि आशु पुरी की जिस तरह अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या की गई, वह किसी फिल्मी सीन जैसा नहीं बल्कि हिमाचल में बदलती ज़मीनी हकीकत दिखाती है। यह घटना कांग्रेस सरकार की असफलता, कमजोर होती कानून व्यवस्था और राजनीतिक गुटबाजी की खतरनाक तस्वीर पेश करती है।

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना की शुरुआत ऊना के लाल सिंघी क्षेत्र स्थित रायजादा होटल में हुए जन्मदिन की पार्टी से हुई। रात करीब 12 बजे दो कांग्रेस गुटों में शुरू हुई कहासुनी होटल की पार्किंग में हिंसक टकराव में बदल गई। जो जगह कुछ देर पहले तक जश्न और खुशियों से भरी थी, वह चंद मिनटों में गोलियों की आवाज़ और चीखों से दहशत में बदल गई।

एफआईआर में बताया गया है कि विवाद बढ़ने पर दोनों गुट बाहर पार्किंग पहुंचे, जहां पूर्व युवा कांग्रेस नेता गुरजीत मान के कहने पर आरोपी परमिंदर सिंह ने आशु पुरी के सिर में पहली गोली चलाई। आशु के गिरने के बाद भी गोलियां चलती रहीं। कपूर ने कहा कि यह साफ तौर पर एक योजनाबद्ध और टारगेटेड मर्डर लगता है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि वारदात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सतपाल रायजादा के होटल में हुई और इसमें शामिल दोनों गुट कांग्रेस से जुड़े हैं। ऐसे में आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि ऊना में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले हुए गग्गी हत्याकांड सहित कई मामले यह दर्शाते हैं कि प्रदेश में गैंगस्टर कल्चर और राजनीतिक रंजिशें तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा आरोपियों पर हत्या और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज करना महत्वपूर्ण है, लेकिन हिमाचल में केस दर्ज होना और न्याय मिलना अक्सर दो अलग बातों की तरह सामने आता है।

कपूर ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि हिमाचल की उस पहचान पर हमला है जो शांति और देवभूमि के नाम से जानी जाती थी। उनका दावा है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में यह छवि तेजी से धूमिल हो रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!