Mandi: मंडी में पति ने फेंका तेजाब, महिला की पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान दर्दनाक मौत

मंडी, 20 नवंबर: मंडी जिले के सैण मुहल्ला में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पति नंद लाल द्वारा फेंके गए तेजाब से झुलसी ममता नामक महिला की पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

Advertisement – HIM Live Tv

जानकारी के अनुसार, महिला पर यह हमला शनिवार की शाम को हुआ था। हादसे के बाद पड़ोसियों ने तुरंत महिला को जोनल अस्पताल मंडी और फिर एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर महिला को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया। वहाँ तीन दिन तक उपचार चलता रहा, लेकिन बुधवार रात महिला ने अंतिम सांस ली।

मंडी पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। शहर चौकी प्रभारी मदन लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम पीजीआई चंडीगढ़ में ही डेरा डाले हुए थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही महिला की मौत की असल वजह स्पष्ट होगी।

पीजीआई चंडीगढ़ के सूत्रों ने बताया कि महिला की हालत उपचार के दौरान लगातार गंभीर बनी रही। घटना के आरोपी पति नंद लाल को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि महिला पर हुए इस क्रूर हमले के हर पहलू की जांच की जा रही है। मृतका की ओर से दर्ज बयान और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस जांच का हिस्सा हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!