Kangra: बैजनाथ में बसों में लगी आग, विधायक किशोरी लाल और HRTC उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने मौके पर पहुंचकर लिया हालात का जायजा — बोले, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ में बीती रात एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई, जहां आईटीआई बैजनाथ के पास खड़ी दो बसें अचानक आग की चपेट में आ गईं। इनमें से एक हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस थी, जबकि दूसरी चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट की थी।

घटना की जानकारी मिलते ही एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा और विधायक बैजनाथ किशोरी लाल मंगलवार को मौके पर पहुंचे और जली हुई बसों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट ली और इस घटना को “गंभीर चिंता का विषय” बताया।

“जनता की संपत्ति की सुरक्षा सर्वोपरि” – अजय वर्मा

निरीक्षण के दौरान अजय वर्मा ने कहा कि निगम की संपत्ति प्रदेश की जनता की संपत्ति है, और इसकी सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह सजग है। उन्होंने पुलिस विभाग को गहन जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि बस अड्डों और पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए और रात के समय नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

“यह समाज और प्रदेश के लिए निंदनीय” – विधायक किशोरी लाल

विधायक किशोरी लाल ने इस घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इसे गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।

उन्होंने प्रशासन को जांच में तेजी लाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

नया बस अड्डा कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद अजय वर्मा और किशोरी लाल ने बैजनाथ में निर्माणाधीन नए बस अड्डे का भी दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए ताकि यह जनता के उपयोग के लिए जल्द खोला जा सके।

इस मौके पर युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रविंदर राव, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति राहुल धीमान, नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी चमन लाल कपूर, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़ और कार्तिक राणा सहित स्थानीय प्रशासन, पुलिस और परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!