हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हाल ही में नई दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस भेंट के दौरान उन्होंने राहुल गांधी को 23 जून को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। इस कार्यक्रम के दौरान आधुनिक हिमाचल के निर्माता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

विक्रमादित्य सिंह और राहुल गांधी की इस मुलाकात में सत्ता और संगठन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, विक्रमादित्य सिंह ने राहुल गांधी के समक्ष प्रदेश कांग्रेस संगठन के जल्द पुनर्गठन की आवश्यकता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। इससे पहले विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, राज्यसभा सांसद और हिमाचल प्रदेश के पूर्व प्रभारी राजीव शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी भेंट कर उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया था।
सरकार द्वारा स्थापित की जा रही इस प्रतिमा से जुड़ी सारी वित्तीय जिम्मेदारी प्रदेश सरकार खुद वहन करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस संबंध में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने प्रतिमा की स्थापना और उसके रखरखाव की जिम्मेदारी सरकार द्वारा निभाए जाने की बात स्पष्ट की है। वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को शिमला के रिज मैदान में पहले से स्थापित हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा के साथ स्थापित किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर 23 जून को आयोजित इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए ‘राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन’ भी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटी हुई है। समारोह में प्रदेश भर से वीरभद्र सिंह के समर्थकों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य राज्यों से भी उनके प्रशंसकों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
इस विशेष अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रीमंडल के सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक, विपक्षी दलों के नेता और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन न केवल वीरभद्र सिंह के राजनीतिक योगदान को सम्मान देने का एक अवसर होगा, बल्कि हिमाचल की राजनीति में उनके प्रभाव की एक प्रतीकात्मक झलक भी प्रस्तुत करेगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!