हिमाचल कांग्रेस का नया अध्यक्ष बने विनय कुमार, सिरमौर का सियासी कद हुआ और तेज़, विधानसभा उपाध्यक्ष का पद खाली

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने श्री रेणुका विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनय कुमार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नई जिम्मेदारी को संभालने से पहले विनय कुमार ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष का पद छोड़ दिया, जिसे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्वीकार कर लिया।

हाईकमान की रणनीति और जातीय समीकरण

विनय कुमार की ताजपोशी को कांग्रेस हाईकमान द्वारा आगामी पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक कदम माना जा रहा है। विनय कुमार अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं, ऐसे में पार्टी ने उनके जरिए जातीय समीकरण साधने की कोशिश की है। अध्यक्ष पद की दौड़ में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और विधायक कुलदीप सिंह राठौर जैसे कद्दावर नेता भी शामिल थे, लेकिन लंबी विचार-विमर्श के बाद हाईकमान ने विनय कुमार के नाम पर मुहर लगा दी। अब एक साल के लंबे इंतजार के बाद प्रदेश कांग्रेस में नई कार्यकारिणी के गठन का मार्ग भी साफ हो गया है।

सिरमौर का बढ़ा सियासी महत्व

इस निर्णय के साथ हिमाचल की राजनीति में दिलचस्प स्थिति बन गई है। अब सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के अध्यक्ष सिरमौर जिले और शिमला संसदीय क्षेत्र से हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल भी सिरमौर से हैं। कांग्रेस ने भी इसी क्षेत्र से अध्यक्ष चुनकर सिरमौर का सियासी महत्व बढ़ा दिया है और सीधे तौर पर भाजपा को उसी के गढ़ में चुनौती देने की तैयारी कर रही है।

अब नए विधानसभा उपाध्यक्ष की तलाश

विनय कुमार के इस्तीफे के बाद विधानसभा उपाध्यक्ष का पद खाली हो गया है। माना जा रहा है कि धर्मशाला के तपोवन में 26 नवम्बर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान नए उपाध्यक्ष का चयन किया जा सकता है। इस पद के लिए विधायक संजय रतन का नाम सबसे आगे माना जा रहा है।

मंत्री पद भी जल्द भरेगा

प्रदेश मंत्रिमंडल में एक मंत्री का पद भी खाली है, जिसे जल्द भरे जाने की संभावना है। इस पद के लिए भी संजय रतन, सुंदर सिंह और संजय अवस्थी के नाम पर विचार हो सकता है। वहीं यदि महिला कोटे से मंत्री बनाए जाने का निर्णय होता है, तो मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर या विधायक अनुराधा राणा के नाम पर भी विचार किया जा सकता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!