उपमंडल अम्ब में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फेरी वाले की चलती बाइक में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि हाईवे ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह एक फेरी वाला बाइक पर प्लास्टिक का सामान बांधकर ऊना से अम्ब की ओर आ रहा था। इसी दौरान नंदपुर के पास स्थानीय लोगों ने देखा कि बाइक के पीछे बंधे प्लास्टिक के सामान से धुआं उठ रहा है और आग की लपटें निकल रही हैं।
इसी बीच पक्का परोह क्षेत्र में सड़क किनारे पेट्रोलिंग कर रही हाईवे ट्रैफिक पुलिस की टीम की भी इस पर नजर पड़ी। हालात की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस टीम ने तुरंत अपनी गाड़ी मोड़ी और बाइक के पीछे लग गई। पुलिस ने हूटर बजाकर चालक को सचेत करने की कोशिश की, लेकिन पीछे लगी आग से अनजान चालक पुलिस वाहन को देखकर बाइक की रफ्तार और बढ़ा बैठा।
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस टीम ने अम्ब के प्रताप नगर के पास बाइक को ओवरटेक कर सुरक्षित तरीके से रुकवाया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने तुरंत चालक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और जल रहे प्लास्टिक के सामान को बाइक से अलग कर सड़क से दूर फेंक दिया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि बाइक के साइलेंसर के अत्यधिक गर्म होने के कारण पीछे बंधे प्लास्टिक के सामान में आग लग गई थी। कई किलोमीटर तक जलता हुआ प्लास्टिक सड़क पर गिरता रहा, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने हाईवे ट्रैफिक पुलिस की बहादुरी और तत्परता की सराहना की है। अगर समय रहते कार्रवाई न होती तो आग एक गंभीर दुर्घटना का रूप ले सकती थी और जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!