हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिला सिरमौर की डिटैक्शन टीम ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए 6.68 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कालाअम्ब-नाहन मुख्य सड़क पर कांगनीवाला नेचर पार्क के पास की गई।
पुलिस के अनुसार, टीम नाहन क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी पर कालाअम्ब से नाहन की ओर नशीला पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाका लगाकर संदिग्ध स्कूटी को रोका। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 6.68 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
मौके पर ही दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया। आरोपियों की पहचान भानु गर्ग, पुत्र सुभाष गर्ग, निवासी शिमला रोड नाहन और अभिमन्यु ठाकुर, पुत्र स्वर्गीय मनीष ठाकुर, निवासी वार्ड नंबर 8, पक्का टैंक नाहन के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। मामले में पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!