धर्मशाला, शाहपुर 01 मई। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विकास खंड रैत के नए भवन के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने जानकारी दी कि इस भवन के निर्माण पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पठानिया ने कहा कि शाहपुर, कांगड़ा और धर्मशाला की कुल 61 पंचायतें रैत ब्लॉक के अंतर्गत आती हैं, लेकिन पिछले 73 वर्षों में किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस कार्यालय भवन के निर्माण की ओर ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने बताया कि रैत विकास खंड की स्थापना वर्ष 1952 में उस समय हुई थी जब यह क्षेत्र पंजाब का हिस्सा था। वर्ष 1957 में यहां विकास खंड अधिकारी की नियुक्ति की गई थी। बाद में 1966 में शाहपुर और कांगड़ा हिमाचल प्रदेश में शामिल हुए और 1972 में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि 1972 से अब तक यहां 12 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं और इस क्षेत्र को एक बार विधानसभा अध्यक्ष, एक बार मुख्य संसदीय सचिव और पांच बार कैबिनेट में प्रतिनिधित्व मिला है, फिर भी इस कार्यालय भवन की हालत सुधारी नहीं गई।
पठानिया ने कहा कि विधायक बनने के बाद उन्होंने सबसे पहले इस भवन की स्थिति का जायजा लिया और नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने यह भी बताया कि नया भवन बनने के बाद पुराने भवनों को हटाकर वहां एक भव्य शॉपिंग मॉल का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने अपनी विधायक निधि से 9 पात्र लोगों को मकान निर्माण की स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। साथ ही महिला मंडलों को रैत खंड के माध्यम से 5 लाख रुपये का चेक भेंट किया गया।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!