Himachal: पांगी के दो होनहार युवाओं ने किया कमाल: बिना कोचिंग के UGC-NET परीक्षा में हासिल की सफलता

हिमाचल प्रदेश का जनजातीय क्षेत्र पांगी अपनी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और भारी बर्फबारी के लिए जाना जाता है, लेकिन आज यहां की हवाओं में कामयाबी की खुशबू है। सुविधाओं और संसाधनों की कमी के बावजूद पांगी के दो युवाओं, अनिल कुमार और अदिति, ने अपने पहले ही प्रयास में प्रतिष्ठित UGC-NET परीक्षा उत्तीर्ण कर इतिहास रच दिया है।

करयास पंचायत के झलवास गांव के अनिल कुमार की कहानी संघर्ष और अटूट संकल्प की मिसाल है। मनरेगा मजदूर चंद्रमणि के बेटे अनिल ने सीमित संसाधनों के बावजूद गांव के स्कूल और सरकारी कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की। बिना किसी बड़े कोचिंग संस्थान की मदद के, अनिल ने अपनी मेहनत और ज्ञान के दम पर कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की। उनका सपना केवल नौकरी पाना नहीं है, बल्कि वे वैज्ञानिक बनकर पिछड़े और गरीब वर्ग के जीवन को बेहतर बनाना चाहते हैं।

वहीं पांगी के हुड़ान गांव की बेटी अदिति ने भी अपनी प्रतिभा और मेहनत से सबको चौंका दिया। किसान संगत राम की बेटी अदिति ने प्रारंभिक शिक्षा किलाड़ से पूरी की और फिर धर्मशाला की लाइब्रेरी में दो वर्षों तक दिन-रात मेहनत की। उनके प्रयास का परिणाम आज UGC-NET की सफलता के रूप में सामने आया। अदिति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और अपनी कठोर मेहनत को दिया।

इन दोनों युवाओं की उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के सामने संसाधनों की कमी कोई बाधा नहीं बन सकती। जहां बड़े शहरों के बच्चे महंगी कोचिंग पर निर्भर हैं, वहीं पांगी के इन होनहारों ने सीमित संसाधनों में ही वह मुकाम हासिल किया जो प्रेरणा का स्रोत बन गया है। इस सफलता पर पूरे चम्बा जिले में खुशी की लहर है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!