Kangra: अटलांटिक महासागर में फंसे पालमपुर के रिक्षित लौटे सुरक्षित, परिवार ने ली राहत की सांस

अटलांटिक महासागर में अमेरिकी नौसेना द्वारा जब्त किए गए रूसी ऑयल टैंकर मैरिनेरा में फंसे हिमाचल प्रदेश के पालमपुर निवासी रिक्षित चौहान रविवार को सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं। रिक्षित की वतन वापसी से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया है। लंबे समय से अनिश्चितता में जी रहे परिवार के लिए यह पल बेहद भावुक रहा।

गौरतलब है कि 7 जनवरी को अमेरिकी नौसेना ने रूसी ऑयल टैंकर मैरिनेरा को अटलांटिक महासागर में अपने कब्जे में लिया था। इस टैंकर पर कुल 28 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें तीन भारतीय नागरिक भी शामिल थे। इन्हीं में पालमपुर के रिक्षित चौहान भी थे। रिक्षित की अपने पिता से आखिरी बातचीत 7 जनवरी की शाम करीब 5 बजे हुई थी, जिसके बाद उनका संपर्क पूरी तरह टूट गया था। इस बीच परिवार की चिंता लगातार बढ़ती रही।

परिजनों को पहली बड़ी राहत 26 जनवरी की रात मिली, जब रिक्षित का दोबारा अपने परिवार से संपर्क हो पाया। इसके बाद रविवार को जब वे सुरक्षित अपने घर पहुंचे, तो परिवार और आसपास के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

घर लौटने के बाद रिक्षित चौहान ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि अमेरिकी नौसेना द्वारा टैंकर जब्त किए जाने के बाद उन्हें किसी भी तरह की प्रताड़ना का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि नौसेना की ओर से खानपान और अन्य जरूरी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया। हालांकि सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें किसी से भी संपर्क करने की अनुमति नहीं दी गई थी, इसी वजह से वे लंबे समय तक अपने परिवार से बात नहीं कर पाए।

रिक्षित की सुरक्षित वापसी पर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने खुशी जताई और इसे केंद्र सरकार की सशक्त कूटनीति का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि यह क्षण बेहद भावुक और संतोषजनक है। त्रिलोक कपूर के अनुसार रिक्षित की सुरक्षित घर वापसी मजबूत नेतृत्व, प्रभावी विदेश नीति और सरकार की संवेदनशीलता का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि मोदी सरकार में देश का हर नागरिक सुरक्षित है।

इस मौके पर रिक्षित चौहान और उनके परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने कहा कि अपनों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरों पर लौटी मुस्कान ही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!