Kangra: नूरपुर में अवैध खनन पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 3 टिप्पर और ट्रैक्टर जब्त, कई लोगों पर कार्रवाई

हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ जिला पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान तेज कर दिया है। खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पिछले 24 घंटों में पुलिस ने कई संवेदनशील क्षेत्रों में चैकिंग और नाकाबंदी कर बड़ी कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस जिला नूरपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस थाना ज्वाली के तहत पुलिस पोस्ट कोटला और पुलिस पोस्ट नगरोटा सूरियां, तथा पुलिस थाना नूरपुर के तहत पुलिस पोस्ट सदवां की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त 3 टिप्पर और एक ट्रैक्टर को कब्जे में लिया।

इसके अलावा पुलिस ने अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ 4 चालान भी किए हैं। इन मामलों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय में भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं अवैध खनन की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!