Solan: नालागढ़ IED ब्लास्ट का खुलासा, पंजाब से दो आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तान और विदेशी हैंडलर से जुड़े तार

हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में पुलिस थाना परिसर के पास 1 जनवरी को हुए आईईडी ब्लास्ट मामले को बद्दी पुलिस ने सुलझा लेने का दावा किया है। इस मामले में बद्दी पुलिस ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की और पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के तार पाकिस्तान और विदेशों में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हुए हैं।

बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने नालागढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान मामले का खुलासा किया। इस मौके पर डीएसपी भीष्म ठाकुर और थाना प्रभारी राकेश रॉय भी मौजूद रहे। एसपी ने बताया कि जांच के दौरान इस ब्लास्ट के पीछे अंतरराष्ट्रीय साजिश के संकेत मिले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठे पैडलर हरविंद्र सिंह रिंदा और एक विदेशी हैंडलर सुशांत चोपड़ा इस साजिश में शामिल हैं और अपना नेटवर्क चला रहे हैं। हिमाचल और पंजाब पुलिस केंद्रीय जांच एजेंसियों के सहयोग से यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस धमाके के पीछे इन हैंडलर्स की असली मंशा क्या थी।

एसपी विनोद धीमान ने बताया कि पंजाब पुलिस की मदद से शमशेर सिंह उर्फ शेरू और प्रदीप सिंह उर्फ दीपू, निवासी राहों जिला नवांशहर, को गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी आईईडी की सप्लाई में शामिल थे। पुलिस अब हिमाचल और पंजाब के संदिग्धों की सूची का मिलान कर आगे की जांच कर रही है।

पुलिस दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए नालागढ़ लाने की तैयारी कर रही है। एसपी ने बताया कि इसके लिए अदालत में ट्रांजिट रिमांड का आवेदन दे दिया गया है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपियों को नालागढ़ लाया जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्होंने किसके इशारे पर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

एसपी विनोद धीमान ने ब्लास्ट के बाद सामने आए ड्रग्स से जुड़े दावों को भी सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि पीएसए और बीकेआई संगठनों ने इस धमाके की जिम्मेदारी लेते हुए ड्रग्स के लेनदेन से जुड़ा दावा किया था, लेकिन जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल पुलिस एनडीपीएस मामलों पर गंभीरता से काम कर रही है और जांच के दौरान हिमाचल और पंजाब पुलिस के बीच नियमित समन्वय बना रहता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!