मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एयर इंडिया और इंडिगो के विमानों के पंख टकराए

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो यात्री विमानों के बीच जमीन पर ही टक्कर हो गई। यह घटना एयरपोर्ट के टैक्सीवे पर हुई, जहां एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानों के विंगटिप आपस में टकरा गए। राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, यह ग्राउंड कोलिजन एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732, जो मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली थी, और इंडिगो की फ्लाइट 6E 791, जो हैदराबाद से मुंबई पहुंची थी, के बीच हुआ। घटना के वक्त एयर इंडिया का विमान उड़ान से पहले पुशबैक प्रक्रिया में था, जबकि इंडिगो का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सीवे पर आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान दोनों विमानों के पंखों के सिरे आपस में टकरा गए।

टक्कर के तुरंत बाद दोनों विमानों की मूवमेंट रोक दी गई और सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन नियामक डीजीसीए को मामले की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमानों को कितना नुकसान हुआ है और उस समय दोनों फ्लाइट्स में कुल कितने यात्री सवार थे, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर कहा कि उसकी फ्लाइट AI 2732 टैक्सीवे पर टेकऑफ का इंतजार कर रही थी, तभी दूसरे विमान से संपर्क हुआ, जिससे विंगटिप को नुकसान पहुंचा। एहतियात के तौर पर विमान को तकनीकी जांच के लिए रोक दिया गया है। एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और उन्हें जल्द वैकल्पिक उड़ानों से गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए एयर इंडिया ने खेद जताया और दोहराया कि सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वहीं, इंडिगो ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उसकी फ्लाइट 6E 791 का विंगटिप टैक्सींग के दौरान दूसरे विमान से टकरा गया। एयरलाइन के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित हैं और विमान की तकनीकी जांच जारी है। नियमों के तहत सभी संबंधित एजेंसियों को तुरंत सूचित कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!