मिलवां-ठाकुरद्वारा सड़क मार्ग पर इन दिनों निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहन चालकों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। तेज रफ्तार और असावधानी के चलते खनन सामग्री से भरे टिप्परों के पलटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों को नुकसान के साथ-साथ सरकारी संपत्ति भी प्रभावित हो रही है।
बीती रात बसंतपुर में ऐसा ही एक बड़ा हादसा सामने आया। पंजाब की ओर जा रहा खनन मटीरियल से भरा एक टिप्पर अचानक अनियंत्रित होकर एक रिहायशी मकान पर पलट गया। मकान मालिक के अनुसार, रात करीब साढ़े तीन बजे तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा गया तो टिप्पर खेत में बने मोटर कमरे और शौचालय को तोड़ता हुआ घर की चारदीवारी पर आ गिरा था।
गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि यदि टिप्पर कुछ मीटर और आगे बढ़ जाता, तो मकान के कमरों तक पहुंचकर बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि इस घटना में घर को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा बिजली की मुख्य लाइन के खंभे टूट जाने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही।
प्राथमिक तौर पर हादसे की वजह टिप्पर चालक को नींद का झोंका आना मानी जा रही है। राहत की बात यह रही कि चालक पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!