Mandi: औट गेट पर बड़ा खुलासा: 415 ग्राम चरस के साथ पंजाब के दो युवक गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत मंडी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। औट गेट के पास की गई नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन से 415 ग्राम चरस बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले दो युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। यह ऑपरेशन एएसआई राजन कुमार के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें कांस्टेबल राकेश कुमार, मोहम्मद शफी और एचएचजी ज्ञान चंद शामिल थे।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने औट गेट पर नियमित चेकिंग के लिए नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर रखे एक कैरी बैग से 415 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार (33) निवासी प्रताप नगर, जिला संगरूर और अमृत पाल सिंह (28) निवासी संत नगर, महालन रोड, संगरूर के रूप में हुई है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। साथ ही आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!