सामरिक दृष्टि से बेहद अहम मनाली-लेह मार्ग को रविवार शाम से आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया जाएगा। मौसम विभाग की चेतावनी और ऊंचे इलाकों में बढ़ती बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। हालांकि फिलहाल शिंकुला-जांस्कर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी है, लेकिन यदि शिंकुला दर्रे में हिमपात होता है तो यह मार्ग भी बंद किया जा सकता है। शनिवार को मौसम अनुकूल रहने के कारण लेह और जांस्कर की ओर वाहनों को रवाना किया गया।
गौरतलब है कि लाहौल-स्पीति प्रशासन ने इससे पहले 21 नवंबर को लेह मार्ग को आधिकारिक रूप से बंद कर दिया था। बाद में मौसम सामान्य होने पर लेह प्रशासन के साथ बैठक के बाद इस मार्ग को 27 नवंबर को दोबारा खोल दिया गया था। उस समय यह अधिसूचना जारी की गई थी कि मार्ग 7 दिसंबर तक वाहनों के लिए खुला रहेगा।
शनिवार सुबह लाहौल और मनाली घाटी में मौसम साफ रहा और धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ले ली। शाम होते-होते शिंकुला और बारालाचा दर्रे की ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर बर्फ के फाहे गिरने लगे। हालांकि देर शाम तक दोनों दर्रे यातायात के लिए खुले रहे और आवाजाही सामान्य बनी रही।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!