Solan: शादी के दो महीने बाद दिल दहला देने वाली घटना, कसौली के सनौगी गांव में नवविवाहिता की मौत

हिमाचल प्रदेश के कसौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुठाड़ पुलिस चौकी के तहत मंडेसर पंचायत के सनौगी गांव में एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां महज दो महीने पहले शादी के बंधन में बंधी एक महिला ने कथित तौर पर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय सुमन की शादी करीब दो महीने पहले ही 42 वर्षीय चतर सिंह से हुई थी। शनिवार दोपहर अचानक हुई इस घटना ने परिवार और गांव वालों को गहरे सदमे में डाल दिया। बताया जा रहा है कि सुमन ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। जब भीतर से चीखने की आवाजें आने लगीं तो पति चतर सिंह उसे बचाने के लिए दौड़ा। दरवाजा खोलकर उसे रोकने की कोशिश के दौरान स्थिति और बिगड़ गई।

इसके बाद सुमन गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर से बाहर की ओर चली गई और कुछ ही दूरी पर गिर पड़ी, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुठाड़ पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेज दिया है।

मृतका के जेठ रुद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि सुमन पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी और उसका इलाज भी चल रहा था। परिजनों का मानना है कि मानसिक अवसाद के चलते उसने यह कदम उठाया होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!