Himachal: बर्फीली वादियों में दिखे कार्तिक आर्यन और श्रीलीला, कुल्लू-मनाली में शुरू हुई बड़ी फिल्म की शूटिंग

हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी के बाद कुल्लू-मनाली की वादियां एक बार फिर बॉलीवुड सितारों का पसंदीदा ठिकाना बन गई हैं। मंगलवार को अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री श्रीलीला अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के लिए कुल्लू-मनाली के घुड़दौड़ क्षेत्र में पहुंचे। दोनों कलाकार बड़ागढ़ रिजॉर्ट एंड स्पा आईएचसीएल सैलेक्शन में ठहरे हुए हैं, जिससे इलाके में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्म निर्माता अनुराग बासु कर रहे हैं। स्थानीय को-ऑर्डिनेटर अनिल कायस्था और रौनी कायस्था के अनुसार, फिल्म की पूरी यूनिट कुल्लू-मनाली पहुंच चुकी है और आने वाले दिनों में यहां कई महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग की जाएगी।

शूटिंग के लिए नग्गर, जाणा, मनाली और लाहौल-स्पीति के खूबसूरत और बर्फ से ढके इलाकों को चुना गया है। इन लोकेशनों पर कार्तिक आर्यन और श्रीलीला के साथ फिल्म के कई अहम सीन फिल्माए जाएंगे। बर्फ से ढकी वादियों में फिल्मांकन से फिल्म को खास विजुअल अपील मिलने की उम्मीद है।

बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी से स्थानीय लोगों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में उत्साह बढ़ गया है। होटल और ट्रैवल इंडस्ट्री को भी इससे फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!