नववर्ष के अवसर पर आयोजित “नया साल सिद्ध जोगी दे नाल” कार्यक्रम में सूफी और लोक संगीत की खूबसूरत जुगलबंदी देखने को मिली। प्रसिद्ध सूफी और लोक गायक कनवर ग्रेवाल की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। उनकी सूफियाना गायकी और सादगी भरे अंदाज ने दर्शकों को संगीत की एक अलग ही दुनिया में पहुंचा दिया।
यह भव्य आयोजन मंगलवार शाम जेबीडी लंगर हॉल, शाहतलाई में आयोजित किया गया, जिसका आयोजन समाजसेवी और जेबीडी लंगर हॉल के संचालक भगत अरुण राय द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में पंजाब के मशहूर गायक सोनू सैनी के साथ-साथ प्रसिद्ध सूफी और लोक गायक कनवर ग्रेवाल ने अपनी गायकी से भक्तों और दर्शकों को खूब आनंदित किया।
कनवर ग्रेवाल ने मस्ताना जोगी, आंखीं कच्चियां, रूह और मिट्टी दी खुशबू जैसे अपने लोकप्रिय और सूफी रंग में रचे-बसे गीत प्रस्तुत किए। हर गीत पर श्रोता झूम उठे और तालियों की गूंज से पूरा पंडाल गूंजता रहा। संगीत और सूफी भावनाओं से भरी इस शाम ने दर्शकों को एक भावनात्मक अनुभव से जोड़ दिया।
कार्यक्रम का समापन नववर्ष की शुभकामनाओं और सांस्कृतिक एकता के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने इस आयोजन को आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!