जिला कांगड़ा के डाडासीबा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत गांव उप्पर भलवाल में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां भारतीय सेना में कार्यरत 28 वर्षीय जवान ने अपने ही घर पर कथित तौर पर चादर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नीरज कुमार पुत्र संजीव कुमार निवासी गांव उप्पर भलवाल के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार नीरज कुमार की शादी महज 22 दिन पहले ही हुई थी, जिससे यह घटना और भी ज्यादा चौंकाने वाली बन गई है।
बताया जा रहा है कि जब परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली तो वे आनन-फानन में नीरज को इलाज के लिए सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डाडासीबा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। रविवार को देहरा स्थित सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल जवान द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
इसी क्षेत्र से एक और दुखद मामला सामने आया है। डाडासीबा तहसील के गांव जलेरा निवासी 63 वर्षीय विपन चंद शर्मा पुत्र हरि चंद शर्मा ने जहरीला पदार्थ सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल डाडासीबा लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान रविवार को उनकी भी मौत हो गई।
डाडासीबा पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी डाडासीबा राज कुमार ने दोनों घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि आत्महत्या और जहरीला पदार्थ खाने के कारणों की जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!