Himachal: कालका-शिमला रेललाइन पर बड़ा बदलाव, पहली बार एयर ब्रेक कोच के साथ दौड़ी ट्रेन, यात्रियों की सुरक्षा हुई और मजबूत

विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल सेक्शन पर उत्तर रेलवे ने बड़ा तकनीकी बदलाव करते हुए स्वदेशी रूप से विकसित एयर ब्रेक सिस्टम से लैस नैरोगेज कोचों के पहले रेक को यात्री सेवा में शामिल कर दिया है। शुक्रवार को इस ऐतिहासिक पहल को आधिकारिक रूप से शुरू किया गया। आधुनिक तकनीक से लैस यह नया रेक ट्रेन संख्या 52453 कालका-शिमला एक्सप्रेस के रूप में अपनी पहली यात्रा पर रवाना हुआ, जिससे रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह ट्रेन 7 कोचों (14 यूनिट) और लोको नंबर 714 जैडडीएम 3डी के साथ अपने तय समय सुबह 6:20 बजे कालका रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। पारंपरिक ब्रेकिंग सिस्टम की जगह आधुनिक एयर ब्रेक सिस्टम का इस्तेमाल कालका वर्कशॉप की एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि माना जा रहा है, जहां इस पूरे बदलाव का काम सफलतापूर्वक पूरा किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा रूपांतरण स्थानीय स्तर पर किया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत के तहत भारतीय रेलवे की तकनीकी क्षमता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नए सिस्टम के तहत कोचों की बोगियों और ट्रॉलियों को संशोधित कर उन्हें उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप अपग्रेड किया गया है।

हिमालयी क्षेत्र की तीखी ढलानों और घुमावदार पटरियों को देखते हुए एयर ब्रेक सिस्टम का यह बदलाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यात्री सेवा में शामिल करने से पहले कोचों का व्यापक परीक्षण किया गया। अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन (आरडीएसओ) ने ऑसिलेशन ट्रायल, इमरजेंसी ब्रेकिंग डिस्टेंस और कंट्रोल टेस्ट किए। इसके बाद रेलवे सुरक्षा आयुक्त द्वारा वैधानिक जांच और सत्यापन किया गया। सभी परीक्षणों में सफल होने के बाद उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने इसे यात्री सेवा के लिए अंतिम मंजूरी दी।

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि एयर ब्रेक कोचों की शुरुआत कालका-शिमला रेललाइन की ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए यात्रियों को आधुनिक सुरक्षा और बेहतर तकनीक का लाभ देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल रेलवे की सुरक्षा, तकनीकी उन्नयन और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!