नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने युवा कांग्रेस द्वारा राजभवन का घेराव करने और प्रधानमंत्री का पुतला जलाने की घटना पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि बिहार चुनाव में हार से बौखलाई कांग्रेस पार्टी ने राजभवन का अपमान किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी सुरक्षित और संवेदनशील जगह पर बिना अनुमति प्रदर्शन कैसे किया जा सकता है।
जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कहा कि राजभवन जैसी संवेदनशील जगह पर आगजनी करना और प्रधानमंत्री का पुतला जलाना किसी भी तरह के “व्यवस्था परिवर्तन” का उदाहरण नहीं हो सकता। उन्होंने सरकार और मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या राज्यपाल को डराने के उद्देश्य से ऐसा किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को अपनी मर्यादा में रहकर काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सप्ताह के घटनाक्रम ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को उजागर किया है। उन्होंने यह भी पूछा कि इस दौरान प्रदेश की सीआईडी कहां थी और क्या उनका काम केवल विपक्ष के नेताओं की जासूसी करना रह गया है।
जयराम ठाकुर ने पूरे मामले पर डीजीपी से बात की और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राजभवन की अपनी गरिमा होती है, जिसे बनाए रखा जाना चाहिए।
इसके अलावा, जयराम ठाकुर ने देश में चारों श्रम संहिताओं को लागू करने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच करार दिया। उन्होंने कहा कि वेतन संहिता, औद्योगिक संबंध संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता और व्यावसायिक सुरक्षा संहिता के कार्यान्वयन से श्रमिक वर्ग को एकीकृत अधिकार मिलेंगे और उद्योगों के संचालन में भी आसानी होगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!