हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला पुलिस नूरपुर में उत्तरी क्षेत्र की डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि एक विशेष रणनीति के तहत कांगड़ा, चम्बा, देहरा और नूरपुर में एक साथ 15 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस संयुक्त अभियान में भारी मात्रा में चरस और चिट्टा बरामद किया गया है।
डीआईजी ने जानकारी दी कि पुलिस को लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार को लेकर विश्वसनीय गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इसी के आधार पर पूरे उत्तरी रेंज में सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया गया। बीते दिन अलग-अलग पुलिस टीमों ने चिन्हित 15 ठिकानों पर एक ही समय में दबिश दी। इस समन्वित कार्रवाई के चलते तस्करों को संभलने या सबूत मिटाने का मौका नहीं मिला और पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई।
सौम्या सांबशिवन ने साफ शब्दों में कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सिर्फ सख्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता अभियान के जरिए भी नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। डीआईजी ने बताया कि पंचायत स्तर से लेकर स्कूलों तक विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा सके और उन्हें इस दलदल में फंसने से रोका जा सके।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे पुलिस के ‘आंख और कान’ बनें। यदि किसी को अपने आसपास नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयास से ही इस चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!