हिमाचल प्रदेश कांग्रेस 26 अप्रैल को शिमला के रिज मैदान स्थित चौड़ा मैदान के अम्बेडकर चौक पर राज्य स्तरीय ‘संविधान बचाओ रैली’ का आयोजन करेगी। इसी कड़ी में मंगलवार को कांग्रेस के सत्ता और संगठन से जुड़े नेताओं की एक अहम बैठक पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने की। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री, विधायक, बोर्डों व निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी और अग्रणी संगठनों के प्रमुख शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बैठक में कहा कि सभी नेताओं को रैली को सफल बनाने के लिए उचित दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस रैली में प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल के साथ सभी मंत्री, विधायक और पार्टी नेता भाग लेंगे और प्रदेशभर से भारी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे। उन्होंने आगे बताया कि इस राज्य स्तरीय रैली के बाद जिला और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भी ऐसी रैलियां आयोजित की जाएंगी, जिनकी तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने सभी नेताओं से इस आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने नेताओं से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार ‘संविधान बचाओ अभियान’ में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पूरे देश में 25 से 30 अप्रैल तक राज्य स्तर, 3 से 10 मई तक जिला स्तर और 11 से 17 मई तक विधानसभा स्तर पर रैलियों का आयोजन करेगी। इसके बाद 20 से 30 मई तक पार्टी नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों व निर्णयों के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे।
प्रतिभा सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और गांधी परिवार पर झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके खिलाफ सभी को एकजुट होकर भाजपा को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के संविधान की रक्षा के लिए सदन के अंदर और बाहर संघर्ष कर रहे हैं और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके हाथ मजबूत करने होंगे।
इस बैठक को कांग्रेस के प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चूंकि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, इसलिए इस आयोजन में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सूत्रों के अनुसार, राज्य स्तरीय रैली में 5 से 7 हजार लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर अहमदाबाद में आयोजित हुई अखिल भारतीय कांग्रेस कार्य समिति की बैठक और बेलगाम में विस्तारित सीडब्ल्यूसी की बैठक में लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन पर भी चर्चा की गई। बैठक में ‘संविधान बचाओ अभियान’ की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श कर उसे अंतिम रूप दिया गया।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा के हर दुष्प्रचार का कांग्रेस करारा जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस के पुनर्गठन पर पार्टी हाईकमान जल्द उचित निर्णय लेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल शिमला आ रही हैं और उनसे चर्चा के बाद आगामी कदम उठाए जाएंगे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!